Women are upset with the opposition over the Women's Reservation Bill; BJP's task in Bengal has become easier: Jitan Ram Manjhi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को दावा किया कि महिला आरक्षण पर विपक्ष के रुख से महिला मतदाता नाराज हैं, जिससे पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को हराने की उम्मीद कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का काम आसान हो गया है।
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख मांझी ने यह टिप्पणी अपने संसदीय क्षेत्र गया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।
मांझी (80) ने कहा, “महिला आरक्षण विधेयक में प्रस्तावित संशोधन का समर्थन नहीं करने को लेकर महिलाओं में काफी नाराजगी है। बिहार एवं अन्य राज्यों की महिलाएं नाराज हैं। मेरा मानना है कि विपक्ष ने पश्चिम बंगाल में राजग का काम आसान कर दिया है, जिसमें भाजपा सबसे बड़ी घटक है।”
पिछले सप्ताह लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो सका, क्योंकि उसे कुल सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन नहीं मिला। इस विधेयक में महिला आरक्षण को निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ने का प्रस्ताव था।
राजग से बाहर के कई दलों ने 2023 में महिला आरक्षण विधेयक का भारी बहुमत से समर्थन किया था, लेकिन नए विधेयक पर उन्होंने समर्थन नहीं दिया। इन दलों को आशंका थी कि यह सत्तारूढ़ राजग द्वारा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक लाभ के लिए फेरबदल का प्रयास है।
हालांकि, मांझी का मानना था कि निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन, जिससे लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ेगी, आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “कई संसदीय क्षेत्रों में 40 से 45 लाख तक मतदाता हैं। जब कोई सांसद इतने लोगों के प्रति जवाबदेह हो, तो वह निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का न्यायपूर्ण निर्वहन कैसे कर सकता है?”