आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा कि अगले सप्ताह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पद संभालने वाले विली वॉल्श एयरलाइन में बदलाव लाने को तैयार हैं।
अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक पद से 31 जुलाई को हटने के बाद वॉल्श तीन अगस्त को भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के सीईओ का पद संभालेंगे। इसी दिन कंपनी अपने परिचालन के 20 वर्ष भी पूरे करेगी।
विमानन जगत के अनुभवी एवं प्रशिक्षित पायलट वॉल्श की सराहना करते हुए भाटिया ने कहा कि परिचालन के मामले में उनकी समझ बेहद गहरी है और वह एयरलाइन के परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इंडिगो के सह-संस्थापक भाटिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ विली के लिए इंडिगो की यह यात्रा भविष्य में किसी अन्य अवसर तक पहुंचने का एक पड़ाव नहीं है। मेरा मानना है कि वह वास्तव में बदलाव लाना चाहते हैं। जब भी मैं उनसे बात करता हूं, यह बात स्पष्ट दिखाई देती है।’’
इंडिगो ने 31 मार्च को वॉल्श को अपना सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की थी। यह घोषणा कंपनी के तत्कालीन सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफा देने के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद की गई थी।