आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले से पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं गिरफ्तार आतंकी के तार आईएसआई समर्थित मॉड्यूल से तो नहीं जुड़े जो संभवत: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं की जानकारियां जुटा रहा था।
राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने हामिद मंडल को बृहस्पतिवार देर रात बर्धमान शहर के एक आवासीय परिसर स्थित किराये के फ्लैट से गिरफ्तार किया।
हामिद पूर्वी बर्धमान जिले के कुसुमग्राम का रहने वाला है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंडल से जब्त किए गए मोबाइल फोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि इस बात का पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था, उसकी गतिविधियां क्या थीं और उसकी क्या साजिश थी।
जांचकर्ताओं को शक है कि मंडल करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर द्वारा चलाए जा रहे आतंकी संगठन के मॉड्यूल के कथित रूप से संपर्क में आया था। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि भट्टी का नेटवर्क सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी में शामिल रहा है।
सूत्रों ने बताया कि इस नेटवर्क से होने वाली कमाई का इस्तेमाल पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के समर्थन से भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए किया गया।