Will accept Ram Temple Trust's decision on Champat Rai, Anil Mishra's resignations: VHP
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सोमवार को कहा कि वह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर ट्रस्ट जो भी निर्णय लेगा, उसका सम्मान करेगी। विहिप ने यह भी कहा कि केवल आरोप लग जाने भर से किसी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध विहिप ने यह भी कहा कि राम मंदिर में चढावे की चोरी की जांच को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचने दिया जाना चाहिए।
ट्रस्ट सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाला है।
विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने कहा कि संगठन बैठक के नतीजों के बारे में कोई अनुमान नहीं लगाएगा और उसे ट्रस्ट की समझदारी पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘सिर्फ ट्रस्ट ही निर्णय करेगा और घोषणा करेगा। वह जो भी निर्णय लेगा, हम उसका सम्मान करेंगे। हमें ट्रस्ट से जुड़े संतों की समझदारी पर पूरा भरोसा है।’’
जैन ने राय और मिश्रा का बचाव करते हुए कहा कि मात्र आरोप लगने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक दोष साबित न हो जाए, किसी को अपराधी न मानें। जांच एजेंसी को अपना काम करने दें और जांच के परिणाम की प्रतीक्षा करें।’’