More than 300 children killed or injured in Sudan's war in the past six months: UNICEF
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सूडान युद्ध में पिछले छह महीने के दौरान 300 से ज्यादा बच्चे मारे गए हैं या घायल हुए हैं। इनमें से ज्यादातर बच्चे ड्रोन हमलों में हताहत हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूडान अप्रैल 2023 से सेना और अर्द्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ (आरएसएफ) के बीच युद्ध में उलझा हुआ है।
यूनिसेफ के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लड़ाई अब मुख्य रूप से कोरडोफान, दारफुर और ब्लू नाइल राज्यों में केंद्रित हो गई है, जहां 60 फीसदी मृतकों की जान ड्रोन हमलों के कारण गई है।
संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों ने उत्तर कोरडोफान के रणनीतक रूप से अहम शहर अल-ओबेद पर कब्जे के लिए आरएसएफ और सेना में भीषण लड़ाई के बीच लोगों पर संभावित अत्याचारों को लेकर चिंता जताई है।
सोमवार को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र समर्थित मानवाधिकार परिषद ने पांच यूरोपीय देशों की ओर से पेश उस प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसमें अल-ओबेद और उसके आसपास के क्षेत्रों में आरएसएफ और उसके सहयोगियों की बढ़ती हिंसा की निंदा की गई है।
बिना मतदान के पारित किए गए इस प्रस्ताव में सूडान से आए शरणार्थियों को पनाह देने वाले देशों के लिए ज्यादा समर्थन को प्रोत्साहित किया गया है और युद्ध में “बाहरी दखलअंदाजी के सभी रूपों” की निंदा की गई है।
सूडान युद्ध में कम से कम 59,000 लोग मारे गए हैं, लगभग 1.3 करोड़ लोग विस्थापित हुए हैं और कई इलाके भुखमरी की चपेट में आ गए हैं। तीन करोड़ से ज्यादा लोगों को मानवीय सहायता की दरकार है।