आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने कांवड़ नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी ने थाना सिविल लाइन, लालकुर्ती, देहली गेट, रेलवे रोड और सदर बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने घंटाघर स्थित पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में कांवड़ नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार नैथानी को निरीक्षण के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जबकि कुछ का ‘एंगल’ सही नहीं था। डीआईजी ने सभी कैमरों को तत्काल चालू कराने तथा उनके ‘एंगल’ दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नैथानी ने सभी प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों तक नियंत्रण कक्ष से एकीकृत पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।
डीआईजी ने कैंट स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर का भी निरीक्षण किया और पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही की समीक्षा की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान नैन्सी चौराहा और दर्शन एकेडमी पार्किंग स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने मंदिर परिसर और आसपास नीचे लटके बिजली के तारों को कसने तथा सीसीटीवी कैमरों की दृश्य सीमा में आड़े आ रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार पर जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध करने, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराने तथा पूरे मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में आईपी और सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कांवड़ मार्गों पर तैनात यातायात पुलिस के ‘टीआई’, ‘टीएसआई’ तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के कर्मियों की नामवार सूची संबंधित चौकियों और कंट्रोल रूम पर उपलब्ध रहे, ताकि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भौंसले, क्षेत्राधिकारी कैंट सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।