West Bengal will respond to bombs with votes, a double-engine government will be formed: Shah
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी। साथ ही उन्होंने वादा किया कि जब मतदाता ‘‘तृणमूल सरकार को विदा करेंगे’’ तो भाजपा ‘‘सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों को सीधा करने के लिए उन्हें उल्टा लटकाएगी।’’
शाह ने बीरभूम जिले के मयूरेश्वर और खैरासोल क्षेत्रों तथा पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी, क्योंकि राज्य की जनता ने तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को ‘‘टाटा-बाय-बाय’’ कहने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ लोग ममता सरकार को विदा कर दें, इसके बाद भाजपा सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों को सीधा करने के लिए उन्हें उल्टा लटकाने का काम करेगी।’’
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल से संरक्षण पाए अपराधियों ने लंबे समय से बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा कि पांच मई के बाद यानी मतगणना के एक दिन बाद, भाजपा कार्यकर्ता अपने उत्पीड़कों को ‘उनके गढ़’ से खींचकर निकालेंगे और उन्हें न्याय के कटघरे में लाएंगे।
शाह ने कहा, ‘‘ मैं तृणमूल के गुंडों को सलाह देता हूं कि वे 23 अप्रैल (मतदान के पहले चरण) को अपने घरों में ही रहें, अन्यथा हम उन्हें चार मई को एक-एक करके उठाएंगे और जेल में डाल देंगे।’’
बीरभूम में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
अपनी पार्टी के चुनाव घोषणापत्र का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, "सत्ता में आने के बाद भाजपा बंगाल में निवेश को बढ़ावा देने के लिए पांच औद्योगिक संपदाएं बनाएगी।"
शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं और कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है।
शाह ने प्रश्नात्मक लहजे में कहा, ‘‘दीदी, हम यहां सदियों से रह रहे हैं। हमें धमकाने वाली आप कौन हैं?’’
शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई।