मान, सैनी और अन्य नेताओं ने जलियांवाला बाग हत्याकांड में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-04-2026
Mann, Saini and other leaders paid tribute to those killed in the Jallianwala Bagh massacre.
Mann, Saini and other leaders paid tribute to those killed in the Jallianwala Bagh massacre.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दोनों पड़ोसी राज्यों के कई अन्य नेताओं ने 1919 में जलियांवाला बाग हत्याकांड में मारे गए लोगों को सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
‘एक्स’ पर पंजाबी में एक पोस्ट में, मान ने कहा कि देश ब्रिटिश शासन के अत्याचार का शिकार हुए इन बहादुर योद्धाओं के बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
 
मान ने कहा, ‘‘शहीदों का खून हमारी आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा। आइए, हम सब मिलकर शहीदों के सपनों का पंजाब बनाएं।’’
 
हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह काला अध्याय है जिसने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया था।
 
उन्होंने पोस्ट में कहा कि मातृभूमि की आज़ादी के लिए निहत्थे होकर भी अदम्य साहस और अद्वितीय बलिदान का परिचय देने वाले वीरों का यह त्याग सदा-सर्वदा प्रेरणा देता रहेगा।
 
कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जलियांवाला बाग के बहादुर शहीदों की देशभक्ति, समर्पण, साहस, बलिदान और निस्वार्थ शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।
 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विदेशी शासकों की क्रूरता के सामने उनके अदम्य साहस और आत्मसम्मान की गाथा इस राष्ट्र की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।
 
औपनिवेशिक प्रशासन को दमनकारी शक्तियां प्रदान करने वाले रॉलेट एक्ट के खिलाफ 1919 में आज ही के दिन पंजाब के अमृतसर स्थित जलियांवाला बाग में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों लोगों पर अंग्रेज सेना ने बिना किसी उकसावे के गोलियां चलाईं थीं।