आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहर के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मज़बूत करने के लिए मंगलवार को 300 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दोनों ने दक्षिण दिल्ली के आरके पुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में बहु स्तरीय बस डिपो की आधारशिला भी रखी।
शाह ने कहा, "आज 300 बसों को हरी झंडी दिखाई गई है और शहर के सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ परिवहन को मज़बूत करने के लिए एक बहु स्तरीय बस डिपो की आधारशिला रखी गई है।"
इन 300 बसों के शामिल होने से दिल्ली के इलेक्ट्रिक बस बेड़े की संख्या तकरीबन 4,500 से बढ़कर 4,800 हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में कुल बसों की संख्या लगभग 7,000 है।
यह विस्तार दिल्ली सरकार की 'दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026' के अनुरूप है, जिसका मकसद इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की गति बढ़ाना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना और इलेक्ट्रिक परिवहन के लिए एक सहायक तंत्र तैयार करना है।
नीति के तहत यह ज़रूरी है कि अधिसूचना के बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और परिवहन विभाग सिर्फ इलेक्ट्रिक बसें ही शामिल करेंगे।
पिछले साल, डीटीसी ने कुछ मार्गों पर कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए अपनी नौ-मीटर लंबी बसों की संख्या बढ़ाई है।
नई बसों को शामिल करने के लिए केंद्र सरकार की ‘पीएम ड्राइव’ पहल के तहत संयुक्त रूप से कोष दिया जा रहा है।