आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के पर्वतीय जिले वायनाड में सुरंग मार्ग निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में एक दिन पहले तीन लोगों की मौत हो गई थी और पांच अन्य लापता हो गए थे। घटना के बाद से लापता पांच लोगों कल तलाश के लिए व्यापक खोज एवं बचाव अभियान जारी है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वायनाड के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवमनोहर ने पत्रकारों को बताया कि भूस्खलन के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि खोजी कुत्तों, अग्निशमन दल के जवानों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को तैनात किया गया है और तलाशी अभियान के लिए इलाके को चार क्षेत्र में बांटा गया है।
उन्होंने कहा कि नदी के बहाव की दिशा में पड़ने वाले इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और चूरलमाला की ओर जाने वाली सड़क को साफ कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि घटना वाली जगह से अभी बहुत सारा मलबा हटाना बाकी है और यह काम तभी हो पाएगा जब तलाशी अभियान पूरा हो जाएगा।
राज्य सरकार ने एक दिन पहले कहा था कि यह ‘‘मानव निर्मित आपदा’’ है क्योंकि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के मंत्री पी.के. बशीर के निर्देशों के बावजूद निर्माण स्थल पर जमा मलबा नहीं हटाया गया था।