आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम की करीब 83 हजार हेक्टेयर जमीन पर चार पड़ोसी राज्यों अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय और मिजोरम का कब्जा है। यह जानकारी असम सरकार ने बुधवार को राज्य विधानसभा में दी।
कांग्रेस विधायक रकीबुद्दीन अहमद के एक सवाल के जवाब में, सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोरा ने बताया कि असम के 18 जिलों की कुल 82,751.86 हेक्टेयर जमीन अभी चार पड़ोसी राज्यों के नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा कि ये राज्य अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय और मिजोरम हैं।
मंत्री ने बताया कि असम की जमीन पर कब्जा करने वाले सभी राज्यों में नगालैंड ने सबसे अधिक 59,490.21 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा किया है। उन्होंने बताया कि मेघालय ने 3,441.86 हेक्टेयर उसकी जमीन पर जबरन अतिक्रमण किया है, जो इन चार राज्यों में सबसे कम है।
बोरा के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम ने क्रमश: 16,144.01 हेक्टेयर और 3,675.78 हेक्टेयर असम की जमीन पर कब्जा किया है।
मंत्री ने विधानसभा को बताया कि असम में 18 प्रभावित जिले सोनितपुर, विश्वनाथ, लखीमपुर, धेमाजी, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव, जोरहाट, शिवसागर, गोलाघाट, गोलपाड़ा, कछार, कामरूप, कामरूप महानगर, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, हैलाकांडी और श्रीभूमि हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘असम सरकार ने पड़ोसी राज्यों के साथ बातचीत के जरिए सीमा विवादों को सुलझाने की दिशा में प्रगति की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, हमने पहले ही मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के साथ द्विपक्षीय समझौते कर लिए हैं।’’