मराठवाड़ा में पानी की किल्लत : टैंकर से आपूर्ति दोगुनी हुई, 1,300 से ज्यादा कुओं का अधिग्रहण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-06-2026
Water shortage in Marathwada: Tanker supply doubled, over 1,300 wells acquired
Water shortage in Marathwada: Tanker supply doubled, over 1,300 wells acquired

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है और पिछले एक महीने में गांवों तक पानी पहुंचाने वाले टैंकरों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
संभागीय आयुक्त के कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, इस इलाके के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, नांदेड़, हिंगोली, लातूर और धाराशिव ज़िलों में टैंकर पर निर्भर गांवों की संख्या 15 मई को 119 थी, जो अब बढ़कर 244 हो गई है।
 
रिपोर्ट के अनुसार, तैनात किए गए टैंकरों की संख्या 194 से बढ़कर 413 हो गई है, जबकि पानी की आपूर्ति के लिए अधिगृहीत किए गए कुओं की संख्या 468 से बढ़कर 1,329 हो गई है, जिसका मतलब यह है कि सिर्फ एक महीने में इनमें 861 की बढ़ोतरी हुई है।
 
रिपोर्ट के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर जिले में वर्तमान में सबसे अधिक संख्या में टैंकर हैं। वहां 262 टैंकर 152 गांवों तक पानी पहुंचाते हैं। नांदेड़ जिले में सबसे अधिक 319 कुएं अधिगृहीत किए गए हैं।
 
जिलेवार टैंकर इस प्रकार हैं: छत्रपति संभाजीनगर-262, जालना-92, धाराशिव-19, नांदेड़-14, परभणी-11, बीड-10, लातूर-3 और हिंगोली-2।
 
रिपोर्ट में कहा गया है कि पानी की किल्लत के बीच, नांदेड़ में 319 कुओं का अधिग्रहण हुआ है तथा बीड में 214, धाराशिव में 208, छत्रपति संभाजीनगर में 197, लातूर में 151, जालना में 110, हिंगोली में 66 और परभणी में 64 कुओं का अधिग्रहण किया गया है।
 
 
प्रादेशिक छत्रपतिसंभाजीनगर