Visit to Indonesia, Australia, New Zealand will further strengthen India's 'Act East' policy: Modi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की उनकी यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति, ‘महासागर’ दृष्टिकोण और एक स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
मोदी ने छह से 11 जुलाई तक तीन देशों की अपनी यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बयान में कहा कि यह यात्रा इन तीनों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों में बनी मजबूत गति को और आगे बढ़ाएगी।
मोदी ने बयान में कहा, ‘‘पूर्वी और दक्षिणी हिंद महासागर में क्रमशः इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया और उसके बाद न्यूजीलैंड की मेरी यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति, ‘महासागर’ दृष्टिकोण और साथ ही स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के प्रति हमारे नजरिए को और मजबूत करेगी।’’
‘महासागर’ यानी ‘क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए परस्पर और समग्र प्रगति’ सभी क्षेत्रों की सुरक्षा और विकास के लिए भारत का दृष्टिकोण है।
राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘2018 में मेरी पहली इंडोनेशिया यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया ने द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया था।’’