आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष प्रतिवेदक द्वारा गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी को ‘‘भारत स्थित’’ आपराधिक गिरोह बताए जाने पर शुक्रवार को आपत्ति जताते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने कई बार‘‘भारत विरोधी बयान’’ देकर अपनी विश्वसनीयता खो दी है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठन विहिप ने प्रवासियों के मानवाधिकारों पर एक रिपोर्ट में भारत के बारे में की गई ‘‘अमर्यादित’’ टिप्पणियों को लेकर भी संयुक्त राष्ट्र की आलोचना की।
‘आतंकवाद से निपटने के दौरान मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रता के संवर्धन एवं संरक्षण’ के मामलों से संबंधित संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक बेन सॉल ने दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी को ‘‘भारत स्थित’’ आपराधिक गिरोह बताया था।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि संयुक्त राष्ट्र को यह पता होने के बावजूद कि दुनिया का अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में छिपा है और वहीं से अपनी गतिविधियां चला रहा है, वह डी-कंपनी को ‘भारत स्थित आपराधिक समूह’ बताकर शायद पाकिस्तान को बचाने का कुत्सित प्रयास कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि इससे संयुक्त राष्ट्र में अतिवादियों की पैठ के संकेत भी स्पष्ट रूप से नजर आते हैं।