राजस्थान के कई इलाकों में अति भारी बारिश की चेतावनी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
Very heavy rain warning in many areas of Rajasthan
Very heavy rain warning in many areas of Rajasthan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता से बृहस्पतिवार को राज्य में कई जगह अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
 
राज्य के कुछ भागों में आगामी कुछ दिन मानसून सक्रिय रहने व 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में गिरावट होने की संभावना है।
 
मौसम विभाग के अनुसार आज बृहस्पतिवार को राज्य के कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। शेष अधिकतर भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
 
वहीं 10 जुलाई को केवल भरतपुर संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने तथा बाकी हिस्सों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के ज्यादातर भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। केवल उत्तरी व पूर्वी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
 
इस बीच बृहस्पतिवार सुबह तक, बीते चौबीस घंटे में राज्य में बारिश का दौर जारी रहा और कई जगह भारी बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के बड़ेसर व निंबाहेड़ा तथा भरतपुर के बयाना में नौ—नौ सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा दौसा, बारां, भीलवाड़ा व अजमेर जिले में अनेक जगह तीन से छह सेंटीमीटर बारिश हुई।