उत्तराखंड: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Uttarakhand:  the management of offerings at Badrinath temple
Uttarakhand: the management of offerings at Badrinath temple

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के सोशल मीडिया पर सामने आए आरोपों की जांच के लिए गठित चार सदस्यीय टीम ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों वाली जांच समिति ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
 
उन्होंने बताया कि समिति सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच और संबंधित व्यक्तियों के बयान लेने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
 
अधिकारी ने बताया कि समिति मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी ताकि आरोपों की सत्यता सामने आ सके।
 
उन्होंने बताया, “कुछ दिनों में सारी तस्वीर साफ हो जाएगी और सच सामने आ जाएगा।”
 
समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने दोहराया कि मंदिर समिति ने आरोपों को ‘बेहद गंभीरता’ से लिया है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।