उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने चार लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 17,542 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-10-2026
Uttar Pradesh Cabinet approves Rs 17,542 crore plan for four link expressways
Uttar Pradesh Cabinet approves Rs 17,542 crore plan for four link expressways

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने कुल 17,542.06 करोड़ रुपये की लागत के करीब 322 किलोमीटर लंबे चार लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंगलवार को मंजूरी दी। राज्य सरकार इनका पूरा खर्च वहन करेगी और इन्हें तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
 
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं का विकास उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) मॉडल के तहत करेगा।
 
चार परियोजनाओं में करीब 90.90 किलोमीटर लंबा फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे शामिल है, जिसे दो पैकेज में बनाया जाएगा। इनके अलावा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला 50.94 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे, करीब 106 किलोमीटर लंबा झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और करीब 74 किलोमीटर लंबा जेवर लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। झांसी और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे को भी दो-दो पैकेज में विकसित किया जाएगा।
 
खन्ना ने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल ने ईपीसी मॉडल के तहत विकसित की जाने वाली इन चार परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन्हें तीन साल के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद है।’’