Maharashtra Cabinet approves advance assistance of Rs 5,000 to drought-affected farmers
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को राज्य के सूखा प्रभावित 304 तालुकों में रहने वाले लगभग 1.5 करोड़ किसानों को दिवाली से पहले पांच-पांच हजार रुपये का अग्रिम भुगतान करने की मंजूरी दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मंत्रिमंडल की साप्ताहिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, जिन किसानों की फसल को 33 प्रतिशत से अधिक का नुकसान हुआ है, उन्हें यह अग्रिम राशि दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह राशि नकद लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, 1.5 करोड़ किसानों को सूखा राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये की अग्रिम राशि देने पर कुल 7,500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसानों के बैंक खातों में इस हफ्ते के भीतर पैसा पहुंच जाए।