धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को विधानसभा में श्रद्धांजलि दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-10-2026
Dhami paid tribute to former Chief Minister Khanduri in the Assembly.
Dhami paid tribute to former Chief Minister Khanduri in the Assembly.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका अनुशासित जीवन, ईमानदार कार्यशैली और प्रदेश के विकास के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा।

धामी ने प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हुए राज्य विधानसभा सत्र के पहले दिन दिवंगत नेता को याद करते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व को याद करना, खासतौर पर विधानसभा अध्यक्ष और उनकी बेटी ऋतु खंडूरी के सामने, एक बेहद भावुक पल है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बेटी के लिए उसके पिता ही उसके पहले नायक होते हैं, लेकिन खंडूरी केवल प्रदेश के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नायक रहे।
 
उन्होंने कहा कि सेना से लेकर जनसेवा के क्षेत्र तक खंडूरी को जीवन में जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे उन्होंने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया और उच्च पदों पर रहते हुए भी कभी अपने मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
 
धामी ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद जनसेवा के क्षेत्र में नयी पारी शुरू करने वाले खंडूरी 1991 में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए और पांच बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
 
उन्होंने कहा कि इस दौरान खंडूरी ने संसद में उत्तराखंड की आकांक्षाओं और पृथक राज्य की मांग को मजबूती से उठाया और उनके ओजस्वी वक्तव्यों तथा स्पष्ट विचारों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को नयी गति एवं वैचारिक मजबूती प्रदान की।
 
धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के रूप में स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी महत्वपूर्ण पहल में खंडूरी की अहम भूमिका के साथ ही 2007-09 और 2011-12 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की सराहना की।