 
                                
नई दिल्ली
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे या आव्रजन नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,790 भारतीय नागरिकों को जनवरी 2025 से अब तक भारत वापस भेजा गया है।
मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेसवार्ता में यह आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि अमेरिका में कई भारतीय ऐसे पाए गए जो वीज़ा की समय सीमा पार करने या आवश्यक दस्तावेजों के बिना रह रहे थे। जायसवाल ने कहा,“इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक लगभग 2,790 भारतीय नागरिकों को वापस भेजा गया है। ये वे लोग हैं जो अमेरिकी प्रवास के मानदंडों को पूरा नहीं करते थे और अवैध रूप से वहां रह रहे थे। उनके प्रमाण-पत्रों और नागरिकता की पूरी तरह से पुष्टि करने के बाद ही उन्हें भारत लाया गया है।”
उन्होंने आगे बताया कि भारत सरकार, अमेरिकी प्रशासन के साथ मिलकर आव्रजन कानूनों के उचित पालन और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सभी प्रत्यावर्तित नागरिकों की पहचान की पुष्टि भारत के दूतावासों और कांसुलर मिशनों के माध्यम से की जाती है।
जायसवाल ने यह भी कहा कि सरकार लोगों से अपील करती है कि वे विदेश यात्रा से पहले वैध दस्तावेज़ों और वीज़ा नियमों का पालन करें ताकि इस तरह की स्थितियों से बचा जा सके।
यह आँकड़ा 29 अक्टूबर 2025 तक का है।
