आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कोलोराडो डेनवर विश्वविद्यालय (सीयू डेनवर) ने कहा है कि उसे भारत के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से हैदराबाद में विश्वविद्यालय एक नया परिसर स्थापित करने के लिए एक आशय पत्र मिला है।
इसके साथ ही यह भारत में डिग्री प्रदान करने के लिए परिसर स्थापित करने की अनुमति पाने वाला पहला सरकारी अमेरिकी विश्वविद्यालय बन गया है।
पिछले साल, शिकागो में स्थित ‘इलिनॉय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ भारत में अपना परिसर स्थापित करने वाला पहला अमेरिकी विश्वविद्यालय बना था। यह एक निजी विश्वविद्यालय है, जिसने मुंबई में अपना परिसर स्थापित किया है और सितंबर में छात्रों के अपने पहले बैच का स्वागत किया।
सीयू डेनवर का भारत में परिसर तेलंगाना का पहला विदेशी विश्वविद्यालय परिसर भी होगा।
सीयू डेनवर के कुलाधिपति केनेथ टी. क्रिस्टेंसन के अनुसार, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक अधिक से अधिक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करना लंबे समय से विश्वविद्यालय का लक्ष्य रहा है।