Modi's 25-year journey reflects strong democratic mandate and public trust: Union Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 साल पूरा करना देश की मजबूत लोकतांत्रिक परंपरा को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र उधमपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा’ में हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी नेता का इतने लंबे समय तक बार-बार चुनाव जीतना और शासन करने के लिए जनता का जनादेश हासिल करते रहना दुर्लभ है।
सिंह ने कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के लगातार 25 साल पूरे कर लिए हैं, वह पहले 12.5 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और फिर बिना किसी अंतराल के 12.5 साल से प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यरत हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘यह एक शानदार रिकॉर्ड है और हम सभी के लिए गर्व और खुशी की बात है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह हमारी लोकतांत्रिक परंपरा की मज़बूती को दर्शाता है, जहां एक नेता ने बार-बार जनादेश हासिल किया और उसे शासन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी निरंतरता दबदबे वाली राजनीतिक प्रणालियों या राजशाही में देखी जा सकती है, लेकिन लोकतंत्र में आम तौर पर बदलाव, चुनौतियां और चुनावी उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब आप इन सभी बातों को एक साथ देखते हैं, तो यह गहरे समर्पण और प्रतिबद्धता की भावना को दर्शाता है।’’
मंत्री ने कहा कि मोदी ने सालों की कड़ी मेहनत, लगातार प्रयासों और सेवा की भावना से लोगों का भरोसा जीता है।
मोदी द्वारा खुद को ‘प्रधान सेवक’ बताए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश भर के नागरिकों के साथ भरोसे का रिश्ता बनाया है।