Two lionesses and a cub fell into a well in separate incidents in Gujarat.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात के अमरेली और गिर सोमनाथ जिलों में तीन अलग-अलग घटनाओं में दो शेरनियां और एक शावक कुओं में गिर गए जिन्हें बाद में सुरक्षित बचा लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अमरेली के जाफराबाद तालुका के बाबरकोट में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक शेरनी कुएं में गिर गई। सूचना मिलने पर जाफराबाद रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। शेरनी को बुधवार देर रात दो बजे सुरक्षित निकालकर बाबरकोट के पशु देखभाल केंद्र ले जाया गया। पशु चिकित्सकों द्वारा शेरनी को स्वस्थ घोषित करने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि अमरेली के वीरपुर गांव में मंगलवार को शिकार का पीछा करते समय एक अन्य शेरनी खेत में एक कुएं में गिर गई। उसे भी बचाकर पशु देखभाल केंद्र ले जाया गया।
गिर सोमनाथ जिले के बोड़ीदार क्षेत्र में मंगलवार को करीब दो महीने का शेर का शावक एक खेत के कुएं में गिर गया। उसे बचाकर जसाधार पशु देखभाल केंद्र ले जाया गया और मंगलवार रात उसकी मां से मिला दिया गया।
गुजरात एशियाई शेरों का दुनिया में एकमात्र प्राकृतिक आवास है, जिसका मुख्य केंद्र गिर राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभयारण्य तथा उसके आसपास का क्षेत्र है।