आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को पत्नी सीमा गोयल के साथ तिरुमला पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की पूजा-अर्चना की।
तिरुपति तिरुमला देवस्थानम (टीटीडी) की ओर से एक बयान जारी कर कहा गया है कि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के अलावा, गोयल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत मंदिर परिसर में एक पौधा भी लगाया।
बयान में कहा गया है, ‘‘शुक्रवार को गोयल ने तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। दर्शन के बाद, वैदिक विद्वानों ने रंगनायकुला मंडपम में उन्हें आशीर्वाद दिया और टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी एम रविचंद्र ने उन्हें श्रीवारी तीर्थ प्रसाद एवं एक चित्र भेंट किया।’’
केंद्रीय मंत्री एवं उनकी पत्नी ने तिरुचानूर मंदिर में भी पूर्जा-अर्चना की।
बाद में, गोयल ने टीटीडी के एकीकृत साझा कमान केंद्र (आईसीसीसी) का दौरा किया, जहां अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी सी. वेंकैया चौधरी ने इस केंद्र के कामकाज के बारे में उन्हें विस्तार से बताया।
चौधरी ने बताया कि ‘वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स ’(वीक्यूसी) के आईसीसीसी के माध्यम से कमरों की उपलब्धता, श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन की कतारें और लड्डू प्रसाद वितरण जैसी बातों पर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक पारदर्शी और कुशल सेवाएं मिल सकें।
बयान में कहा गया है कि गोयल ने कहा कि तिरुमाला में श्रद्धालुओं की सेवाओं के प्रबंधन में कृत्रिम मेधा (एआई) और आधुनिक तकनीक का उपयोग अत्यंत सराहनीय है।