आईयूएमएल विधायक के दीप जलाने पर बहस के बीच ‘समस्त’ ने इस्लामिक नियम का हवाला दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-06-2026
Amid debate over IUML MLA lighting a lamp, 'Samasta' cites Islamic rule
Amid debate over IUML MLA lighting a lamp, 'Samasta' cites Islamic rule

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 केरल में सुन्नी-शफी इस्लामी विद्वानों की प्रमुख परिषद, समस्त केरल जमियतुल उलेमा ने कहा है कि मुसलमानों को अन्य धर्मों के अनुयायियों द्वारा उनके धार्मिक अनुष्ठानों के हिस्से के रूप में किए जाने वाले समारोहों और प्रथाओं से परहेज करना चाहिए।

संस्था ने यह बात हाल ही में एक समारोह में मुस्लिम लीग की एक विधायक द्वारा पारंपरिक दीप जलाने को लेकर हुए विवाद के बीच कही।
 
केरल विधानसभा में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की पहली महिला विधायक, पेरामब्रा की विधायक फातिमा ताहलिया ने हाल ही में अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक नए रेस्तरां का उद्घाटन करते हुए नीलाविलक्कू (पारंपरिक दीप) प्रज्ज्वलित किया, जिससे केरल के मुस्लिम सामाजिक-राजनीतिक हलकों में इस बात पर बहस छिड़ गई कि क्या एक मुस्लिम जन प्रतिनिधि को ऐसे समारोहों में भाग लेना चाहिए।
 
‘समस्त सेंट्रल मुशावारा’ ने तीन जून को जारी एक बयान में कहा कि नीलाविलक्कू जलाने की प्रथा लंबे समय से गैर-मुसलमानों द्वारा एक विशिष्ट धार्मिक समारोह के रूप में प्रचलित है और मुसलमानों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखते हुए ऐसे मामलों में सावधानी बरतने का आग्रह किया।
 
विवाद के बीच, समस्त नेता अब्दुल हमीद फैजी अंबलक्कडावु ने शुक्रवार को फेसबुक पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें इस मुद्दे पर संगठन का रुख स्पष्ट किया गया था।
 
उन्होंने कहा, “इस्लामी कानून सटीक, स्पष्ट और विस्तृत हैं। इस्लाम अपने अनुयायियों को अन्य धर्मों के अनुयायियों के प्रति मित्रता और सहिष्णुता दिखाने का सख्त निर्देश देता है। पैगंबर के साथी अपने परिवारों को निर्देश देते थे कि जब बकरी को जिबह करके पकाया जाए, तो उसका पहला हिस्सा किसी यहूदी पड़ोसी को दिया जाए।”