देहरादून में डेढ़ किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो संदिग्ध नशा तस्कर गिरफ्तार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-07-2026
Two suspected drug peddlers arrested with 1.5 kg of ketamine in Dehradun
Two suspected drug peddlers arrested with 1.5 kg of ketamine in Dehradun

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तराखंड एसटीएफ की ‘एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स’ (एएनटीएफ) और देहरादून पुलिस ने सोमवार को एक संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्ध तस्करों को 1.521 किलोग्राम ‘कैटामाइन’ (एक प्रकार का मादक पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया । एसटीएफ ने सोमवार को यह जानकारी दी ।
 
एसटीएफ के अनुसार बरामद ‘कैटामाइन’ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है ।
 
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में दो संदिग्ध तस्करों को तब गिरफ्तार किया, जब वे स्कूटी की डिक्की में ‘कैटामाइन’ छिपाकर ले जा रहे थे ।
 
उन्होंने बताया कि औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान ‘कैटामाइन’ के रूप में की।
 
सिंह के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह मादक पदार्थ पहुंचाने जा रहे थे।
 
एसएसपी के मुताबिक, मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला और पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।
 
सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान सेलाकुई के शुभम कुमार और अंकित तिवारी के रूप में हुई है तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।
 
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन, एक स्कूटर तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं ।
 
एसएसपी ने कहा कि राज्य सरकार के "मादक पदार्थ मुक्त देवभूमि" अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।