TVK ने सिर्फ सोशल मीडिया के दम पर जीत हासिल की: स्टालिन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-05-2026
TVK won only on the basis of social media: Stalin
TVK won only on the basis of social media: Stalin

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने कोई जमीनी काम नहीं किया, बल्कि लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावित कर तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को हुए चुनाव में जीत हासिल की।

स्टालिन ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी पार्टी की कई पहलों का उल्लेख किया, जिनमें सम्मेलन और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े कार्य शामिल हैं।
 
उन्होंने टीवीके का प्रत्यक्ष नाम लिये बिना आरोप लगाया कि उसने इस तरह से कोई जमीनी काम नहीं किया, जैसा कि द्रमुक ने किया। उनके अनुसार, कई जगहों पर तो टीवीके ने मतगणना एजेंट भी नियुक्त नहीं किए।
 
स्टालिन ने फिर टीवीके का नाम लिये बिना कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग बच्चों के माध्यम से परिवार के सदस्यों को प्रभावित करने के लिए किया गया और ‘‘यह हमारी नजरों से चूक गया।’’
 
उन्होंने कहा कि द्रमुक को इस बात का अहसास हो गया और अब से वह बहुत सतर्क रहेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी ने सोशल मीडिया आधारित ऐसे प्रयासों को रोकने के लिए योजनाएं बनाई हैं।
 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1949 में स्थापित द्रमुक ने कई चुनावी जीत और हार देखी है और पार्टी हमेशा नए सिरे से वापसी करती आई है।