आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वीसीके के अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने कहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रभावी ढंग से हराने के लिए तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और सत्ताधारी टीवीके को ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होना चाहिए।
लोकसभा सदस्य थिरुमावलवन ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि स्थानीय स्तर पर विचारधाराओं में अंतर के बावजूद भाजपा की ‘सांप्रदायिक राजनीति’ का मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त मोर्चा बनाना ज़रूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘भले ही स्थानीय स्तर पर टीवीके और द्रमुक का रुख अलग-अलग हो, लेकिन मेरा नजरिया यह है कि भाजपा को हराने के लिए दोनों दलों को इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनना चाहिए।’’
वीसीके के एक पूर्व विधायक के सत्ताधारी पार्टी में शामिल होने के बाद द्रमुक के साथ वीसीके के रिश्तों को लेकर सवाल पूछे जाने पर थिरुमावलवन ने फिर स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने द्रमुक के साथ अपना गठबंधन आधिकारिक तौर पर नहीं तोड़ा है।
उन्होंने दोस्ताना रिश्ते बनाए रखने के लिए राजनीतिक परिपक्वता की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान क्षेत्रीय शिकायतों पर उलझे रहने के बजाय भाजपा-विरोधी एक मजबूत गठबंधन बनाने पर है।
थिरुमावलवन ने सात जुलाई को कहा था कि ‘‘मंत्रिमंडल में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि वीसीके (टीवीके के नेतृत्व वाले) गठबंधन में शामिल हो गई है।’’ इस टिप्पणी से तमिलनाडु की राजनीति में हंगामा मच गया था।