आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात के अहमदाबाद में पिछले वर्ष 12 जून को हुई एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले चालक दल के 12 सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिजन, मित्र और विमानन क्षेत्र से जुड़े लोग शुक्रवार को यहां एकत्र हुए।
श्रद्धांजलि सभा में एकत्र लोगों में अमोल तटकरे भी शामिल थे। अमोल की पत्नी अपर्णा महादिक एयर इंडिया की वरिष्ठ केबिन क्रू सदस्य थीं और एआई-171 विमान दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी।
एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों तथा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गई थी।
दुर्घटना के समय विमान प्रारंभिक उठान पर था। हादसे में एक यात्री जीवित बचा, जबकि चालक दल के सभी 12 सदस्यों की मृत्यु हो गई थी।
अमोल ने कहा, ‘‘मैं प्रशिक्षण अकादमी में था क्योंकि मैं भी एयर इंडिया में केबिन क्रू के रूप में कार्यरत हूं। दोपहर के भोजनावकाश के दौरान मुझे केबिन क्रू समुदाय से जुड़े एक व्यक्ति का संदेश मिला, जिसमें पूछा गया था कि सब कुछ ठीक है या नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं कक्षा में पहुंचा, तब तक दुर्घटना की खबर आ चुकी थी और मुझे पता चला कि अहमदाबाद में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। तब भी मुझे नहीं लगा कि यह अपर्णा का विमान हो सकता है, क्योंकि स्वाभाविक रूप से कोई ऐसी बात नहीं सोचता।’’
अमोल ने बताया कि उस दिन सुबह उनकी अपर्णा से बात हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘अपर्णा ने ही मुझे प्रशिक्षण के लिए जगाया था। मुझे पता था कि वह किस समय विमान में सवार होंगी और उड़ान भरेगी। जब मुझे पता चला कि विमान गैटविक जा रहा था, तब मुझे यकीन हो गया कि अपर्णा उसी विमान में थीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी मेरे मन में उम्मीद बनी हुई थी। उसी रात मैं मुंबई पहुंचा और मुझे पता चला कि कोई भी जीवित नहीं बचा है। मुझे विश्वास नहीं होता कि उस घटना को एक वर्ष बीत चुका है।’’