Himachal: Authorities alert people regarding increased water flow from Pandoh Dam
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ब्यास नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बर्फ के पिघलने और बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित पंडोह बांध से शुक्रवार रात पानी का प्रवाह बढ़ सकता है। बांध अधिकारियों ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है।
अधिकारियों ने रात के समय जलस्तर के तेजी से बढ़ने की संभावना के मद्देनजर नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने या काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने और इन स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी।
पंडोह बांध से छोड़ा गया पानी मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और कुल्लू जिलों से होकर गुजरता है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘कृपया सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। ब्यास नदी के किनारों या नदी तल में सैर-सपाटा एवं फोटोग्राफी समेत किसी भी गतिविधि के लिए न जाएं।’’
उन्होंने नदी तल में मशीनरी संचालित कर रहे ठेकेदारों और श्रमिकों को भी उपकरणों को तुरंत सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर ले जाने की सलाह दी, ताकि किसी प्रकार के नुकसान से बचा जा सके।
प्रवक्ता ने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और यदि जल के प्रवाह में बढ़ोतरी होती है तो आगे आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी।