There will definitely be a Mumbai march for the Maratha reservation movement: Zarange
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मराठा आरक्षण आंदोलन के कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा है कि उनका प्रस्तावित मुंबई मार्च निश्चित रूप से होगा और 12 सितंबर को समर्थकों के मौजूदा धरना स्थल पर एकत्र होने के बाद मुंबई कूच की तारीख घोषित की जाएगी।
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे जरांगे का अनशन बृहस्पतिवार को 13वें दिन भी जारी है। जरांगे ने कहा कि उन्हें राज्य सरकार के किसी प्रतिनिधिमंडल के धरना स्थल पर आने का इंतजार नहीं है।
महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराटी में पत्रकारों से बातचीत में जरांगे ने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से मुंबई जा रहा हूं। 12 सितंबर को जब हम इकट्ठा होंगे, उसके बाद तारीख घोषित करेंगे।’’
जरांगे मराठा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आरक्षण देने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वह हैदराबाद और सातारा गजट अभिलेखों को लागू करने तथा पात्र मराठा समुदाय के सदस्यों को कुनबी (ओबीसी) जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग भी कर रहे हैं।
उनके स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच जरांगे ने कहा कि वह यह देखेंगे कि कुनबी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए शिविर किस तरह आयोजित किए जा रहे हैं और क्या ये शिविर मौजूदा आंदोलन के कारण लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें परिस्थिति के अनुसार काम करना होगा। देखते हैं कि कुनबी प्रमाणपत्र के लिए शिविर किस तरह आयोजित किए जाते हैं।’’