आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को विपक्षी दलों खासतौर से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर मामले में झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन और राम विरोधी अपनी कुत्सित मानसिकता का परिचय देने से बाज नहीं आते।
उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से कांग्रेस व समाजवादी पार्टी की स्वाभाविक चिढ़ रही है। इन दोनों दलों ने इंडी (इंडिया) गठबंधन को भी अपने लपेटे में ले लिया है।”
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘उनका (विपक्षी दल का) इस मामले में झूठ, भ्रम और जहर फैलाना एक खास शगल बन चुका है।’’
मौर्य ने कहा, “पहले श्रीराम मंदिर का विरोध और अब उसके चढ़ावे पर जांच पूरी होने के पहले बेवजह विरोध करके अखिलेश यादव और उनकी 'लठैतवादी मंडली' एक प्रकार से घटिया राजनीति कर रही हैं।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एसआईटी जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। यह तय है कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। लेकिन सनातन और राम विरोधी अपनी कुत्सित मानसिकता का परिचय देने से बाज नहीं आते।”
केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा, “उनको ध्यान रखना चाहिए कि 2027 में फिर कमल खिलेगा। जय श्रीराम!’’
उल्लेखनीय है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राप्त दान में कथित हेराफेरी को लेकर विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले को लेकर विपक्षी दल लगातार आरोप लगा रहे हैं।