आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए ‘हिंदुत्व’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया।
ठाकरे ने ‘भाजपा-मुक्त राम’ के लिए आंदोलन का नेतृत्व करने का भी संकल्प लिया।
उन्होंने शिवसेना में शामिल हो चुके पार्टी के बागी सांसद संजय देशमुख के यवतमाल-वाशिम निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘असली हिंदुत्व मानवता की शिक्षा देता है। हम मंदिरों को लूटने वाले आपके (भाजपा के) हिंदुत्व को खारिज करते हैं। हम ‘भाजपा-मुक्त राम’ चाहते हैं और शिवसेना (उबाठा) ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व करेगी।’’
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण से पहले शिवसेना (उबाठा) ने चांदी की कई ईंटें दी थीं।