उत्तर प्रदेश का 20,000 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
Uttar Pradesh aims to achieve 20,000 MW renewable energy capacity: Chief Minister
Uttar Pradesh aims to achieve 20,000 MW renewable energy capacity: Chief Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि राज्य का लक्ष्य अगले दो से तीन साल में अपनी नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 20,000 मेगावाट करना है।

आदित्यनाथ ने जेवर में एसएईएल इंडस्ट्रीज के विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश अभी नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से लगभग 6,000 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य अगले दो से तीन साल में उत्तर प्रदेश में 20,000 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन हासिल करना है। हम उस लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में छह लाख से अधिक परिवार 'प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना' के तहत छतों पर (रूफटॉप) सौर संयंत्र लगाकर ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर हो गए हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इन परिवारों को दिन में पर्याप्त बिजली मिलती है, जबकि रात में उनकी बिजली की खपत भी काफी कम हो गई है। उनके बिजली बिल 50 से 60 प्रतिशत तक कम हो गए हैं।’’
 
आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में जिन नागरिकों ने ‘रूफटॉप’ सौर संयंत्र लगवाए हैं, वे मिलकर 2,000 मेगावाट से अधिक बिजली पैदा कर रहे हैं। इससे तापीय बिजली उत्पादन पर निर्भरता कम हो रही है।