आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो सीट भवानीपुर और नंदीग्राम पर जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि वह 10 दिनों के भीतर इनमें से एक सीट से इस्तीफा दे देंगे।
अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पराजित किया जबकि नंदीग्राम सीट पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल की।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि वह कौन सी सीट बरकरार रखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं 10 दिन के भीतर एक सीट खाली कर दूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं कौन सी सीट रखूंगा। भवानीपुर और नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मैं नहीं भूलूंगा।’’
भवानीपुर को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है और सोमवार को हुई मतगणना में अधिकारी ने बनर्जी को 15000 मतों से हरा करारा झटका दिया।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने उनसे तुरंत विजय जुलूस नहीं निकालने और शांति बनाए रखने की अपील की।