वोटों की गिनती का CCTV फुटेज सार्वजनिक किया जाना चाहिए: अखिलेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
CCTV footage of counting of votes should be made public: Akhilesh
CCTV footage of counting of votes should be made public: Akhilesh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के हालिया चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाते हुए उच्चतम न्यायालय से इस मामले का संज्ञान लेने और इस राज्य में हुई मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने जारी करने की बुधवार को मांग की।
 
यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और ठेकेदारों का ‘बहु-स्तरीय चुनावी माफिया’ पश्चिम बंगाल में अपना 'खेल' करने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में किसी नयी योजना के साथ काम करेंगे।
 
सपा प्रमुख ने बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर धांधली किये जाने और बड़ी संख्या में वोट काटे जाने का आरोप लगाया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि उच्चतम न्यायालय तत्काल संज्ञान ले और बंगाल की मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने उपलब्ध कराये जाएं।’’
 
यादव ने कहा कि जब अदालतों की कार्यवाही का सीधा प्रसारण हो सकता है तो मतगणना की प्रक्रिया का क्यों नहीं।