शशि शेखर वेम्पति सीबीएफसी के नये अध्यक्ष नियुक्त

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
Shashi Shekhar Vempati appointed as the new CBFC chairman
Shashi Shekhar Vempati appointed as the new CBFC chairman

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शशि शेखर वेम्पति को बुधवार को सरकार ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, वेम्पति, प्रसून जोशी का स्थान लेंगे, जिन्हें हाल ही में प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह तीन वर्ष तक पद पर रहेंगे।
 
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘भारत सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 6 मई, 2026 को जारी एक अधिसूचना के माध्यम से श्री शशि शेखर वेम्पति को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए इस पद पर बने रहेंगे।"
 
जोशी ने प्रसार भारती के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद सीबीएफसी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद वर्तमान नियुक्ति की गई।
 
बयान में कहा गया है कि वेम्पति के पास मीडिया, प्रसारण और सार्वजनिक संचार का व्यापक अनुभव है और उनकी नियुक्ति से सीबीएफसी का कामकाज सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
 
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुम्बई के पूर्व छात्र, वेम्पति एक लेखक होने के साथ-साथ एआई4इंडिया संगठन के सह-संस्थापक भी हैं, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी तक पहुंच को लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में काम करता है।
 
जाने-माने गीतकार एवं कवि जोशी आठ वर्षों से अधिक समय तक सीबीएफसी के अध्यक्ष रहे।