आधुनिक डाकघर डाक विभाग की नयी कार्य संस्कृति का प्रतिबिंब : सिंधिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-05-2026
 the new work culture of the postal department: Scindia
the new work culture of the postal department: Scindia

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आधुनिक डाकघर डाक विभाग द्वारा विकसित की जा रही नयी कार्य संस्कृति को दर्शाते हैं, जिसमें तकनीक, दक्षता, पारदर्शिता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
 
संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने शुक्रवार को नवीनीकृत ‘फ्यूचर-रेडी’ अंधेरी रेलवे स्टेशन डाकघर के उद्घाटन के दौरान कहा कि विस्तारित सेवाएं, आधुनिक डिजिटल सुविधाएं और सहज नागरिक अनुभव भारत की डाक सेवाओं को नए दौर की जरूरतों के अनुरूप सशक्त बना रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक डाकघर डाक विभाग की नयी कार्य संस्कृति का प्रतिबिंब हैं, जहां तकनीक, दक्षता, पारदर्शिता और जनसुविधा को सबसे अधिक महत्व दिया जा रहा है।’’
 
वर्ष 1932-33 में स्थापित अंधेरी रेलवे स्टेशन डाकघर को डाक विभाग की ‘जन सेवा कनेक्ट’ परियोजना के तहत आधुनिक और तकनीक-सक्षम सेवा केंद्र में बदल दिया गया है।
 
नवीनीकृत डाकघर में बेहतर आधारभूत ढांचा, ग्राहकों के लिए उन्नत सुविधाएं, आधुनिक इंटीरियर और डिजिटल एकीकरण की व्यवस्था की गई है, ताकि तेज, सहज और नागरिक-अनुकूल डाक सेवाएं प्रदान की जा सकें।
 
इस नवीनीकरण का कार्य ‘स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’, नयी दिल्ली के सहयोग से किया गया है।
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2025-26 के दौरान डाक विभाग के सकल डाक राजस्व में 16 प्रतिशत की स्वस्थ वृद्धि दर्ज की गई, जो देश में डाक सेवाओं के बढ़ते भरोसे और विस्तारित भूमिका को दर्शाती है।
 
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्थानीय विधायक अमीत साटम और महाराष्ट्र एवं गोवा सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अमिताभ सिंह उपस्थित थे।
 
फडणवीस ने कहा कि डाक विभाग अब तक मानवीय भावनाओं का वाहक रहा है और यह सामाजिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है।
 
उन्होंने कहा कि इंटरनेट, मैसेजिंग सेवाओं और ईमेल के दौर में बदलते समय के साथ खुद को ढालना और प्रासंगिक बनाए रखना बेहद जरूरी है तथा डाक विभाग ने यह काम सफलतापूर्वक किया है।