आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार और मंगलवार के लिए 'येलो' अलर्ट जारी करते हुए गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 1.2 डिग्री अधिक है। यह सामान्य से 1.3 डिग्री कम भी है।
पालम में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, लोधी रोड में यह 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार से 1.8 डिग्री अधिक था।
इसके अलावा रिज में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच, आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "सोमवार और मंगलवार को गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। हवा की गति 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।"
आईएमडी के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 108 दर्ज किया गया, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 100 (संतोषजनक) था।
सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई के 'मध्यम' श्रेणी में ही रहने का पूर्वानुमान जताया है।