The main rituals of the Amarnath Yatra begin with the departure of the 'Chhadi Mubarak' to Pahalgam.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ के शनिवार को पहलगाम रवाना होने के साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं।
पवित्र छड़ी को यहां दशनामी अखाड़ा भवन से वार्षिक तीर्थयात्रा से जुड़े विभिन्न अनुष्ठानों के लिए पहलगाम ले जाया जा रहा है।
दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा की ओर रवाना होने से पहले शनिवार तड़के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ‘छड़ी मुबारक’ के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधुओं के एक समूह ने पूजा-अर्चना की।
अमरनाथ यात्रा इस साल खराब मौसम और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण नौ अगस्त को स्थगित कर दी गई थी, हालांकि इससे जुड़े धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं।
महंत दीपेंद्र गिरि ने बताया कि 28 अगस्त को ‘श्रावण पूर्णिमा’ के शुभ अवसर पर ‘पूजन’ और ‘दर्शन’ के लिए पवित्र छड़ी को अमरनाथ गुफा ले जाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पवित्र छड़ी शनिवार और रविवार को पहलगाम, 24 अगस्त को चंदनवाड़ी, 25 अगस्त को शेषनाग तथा 26 व 27 अगस्त को पंचतरणी में रुकेगी।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई और अब तक 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु यह यात्रा कर चुके हैं। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर होगा।