आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के बाहरी जिले में सत्यापन अभियान के दौरान भारत में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी कथित रूप से रह रहे 18 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में थाईलैंड के नौ, नाइजीरिया के चार और बांग्लादेश के तीन नागरिक शामिल हैं।
इसने बताया कि यह अभियान इलाके में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए बाहरी जिले की विदेशी प्रकोष्ठ इकाई और स्थानीय पुलिस थानों की ओर से चलाया गया था।
पुलिस ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर पीरागढ़ी चौक के पास तीन बांग्लादेशी नागरिकों को रोका गया। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने कथित रूप से वहां से भागने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, सत्यापन के दौरान तीनों विदेशी नागरिक वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके और उनके पासपोर्ट तथा वीजा की अवधि समाप्त पाई गई।