राकांपा के विलय का फैसला शरद पवार और सुनेत्रा पर निर्भर; अभी किसी ने हमें कुछ नहीं बताया: फडणवीस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
The decision on NCP merger rests with Sharad Pawar and Sunetra; no one has told us anything yet: Fadnavis
The decision on NCP merger rests with Sharad Pawar and Sunetra; no one has told us anything yet: Fadnavis

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि केवल शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही यह स्पष्ट कर सकते हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुट आपस में विलय करेंगे या नहीं, तथा उनमें से किसी ने भी भाजपा को इस तरह के किसी भी कदम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
 
उन्होंने यह भी कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की तुलना उनके दिवंगत पति अजित पवार के नेतृत्व से करना अनुचित होगा।
 
फडणवीस ने मुंबई में अपने सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत में राकांपा के दोनों गुटों के विलय को लेकर जारी अटकलों से जुड़े सवालों का जवाब दिया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे (शरद पवार और सुनेत्रा पवार) विलय करने का फैसला करते हैं, तो वे आकर हमें बताएंगे, क्योंकि हमारे बिना विलय नहीं हो सकता। अभी तक उनमें से किसी ने भी हमें कुछ नहीं बताया है।’’
 
पिछले हफ्ते विलय की चर्चाओं ने तब जोर पकड़ लिया, जब प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार समेत सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कई नेताओं ने राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की, जिन्हें हाल में सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
 
जब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की तुलना उनके दिवंगत पति के नेतृत्व से करने के लिए कहा गया, तो फडणवीस ने कहा, ‘‘अजित दादा एक ऐसे नेता थे जिन्हें समय की कसौटी पर परखा जा चुका था। उन्हें महाराष्ट्र की बहुत अच्छी समझ थी और राज्य के बारे में गहरी जानकारी थी। सुनेत्रा पवार अभी हालात के हिसाब से खुद को ढाल रही हैं। उनकी तुलना अजित दादा से करना सही नहीं होगा।’’