कुमार सिद्धार्थ/ वाराणसी (उत्तर प्रदेश)।
भारत रत्न और विश्वविख्यात शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का वाराणसी स्थित पुश्तैनी मकान एक बार फिर चर्चा में है। पिछले दिनों इस मकान के एक हिस्से को गिराए जाने की खबर ने संगीत प्रेमियों, सांस्कृतिक जगत और राजनीतिक हलकों में चिंता पैदा कर दी थी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इस मामले को उठाते हुए प्रशासन पर उस्ताद की विरासत की अनदेखी करने का आरोप लगाया था।
सोशल मीडिया पर मकान की तस्वीरें साझा होने के बाद लोगों ने भी नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि, अब इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर सामने आ रही है। वाराणसी प्रशासन उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य उनकी शहनाई, पुरस्कारों, निजी वस्तुओं और जीवन से जुड़ी यादों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।
जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं क्योंकि इन पुरातनपंथी-रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं। सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी। इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं। जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना, उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है। भाजपा नफ़रत की आग में जलकर देश को नुक़सान पहुँचा रही है। सरकार में आने पर हम ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह ख़ान’ जी की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे घोर निंदनीय!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 7, 2026
इस प्रस्तावित संग्रहालय को लेकर परिवार के सदस्यों का कहना है कि प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी इस सिलसिले में मकान का दौरा कर चुके हैं। परिवार के एक सदस्य शाहबाब के मुताबिक, “अधिकारियों ने दो बार यहां आकर योजना से जुड़ी जानकारी ली है।“
बजट और दूसरी औपचारिकताओं पर भी काम हुआ है। उनका कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण से संबंधित काम पूरा होने के बाद मकान में संग्रहालय विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। फिलहाल उस्ताद के कमरे को सुरक्षित रखने और उसमें किसी तरह का बदलाव नहीं करने को कहा गया है।
शहनाई की गूंज से दुनिया में काशी का नाम रोशन करने वाले भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान साहब की विरासत को सहेजने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। सोशल मीडिया पर उनके आवास को तोड़े जाने की भ्रामक खबरों के बीच, उनके पोते ने स्वयं स्पष्ट किया है कि जिस कमरे में उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान साहब शहनाई की साधना किया करते थे, वहाँ एक संग्रहालय विकसित किया जा रहा है। यह केवल एक संग्रहालय नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत, संगीत की साधना और एक महान कलाकार की अमूल्य स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रयास है। काशी अपनी विरासत को सहेजना भी जानती है और उसका सम्मान करना भी।
— नगर निगम वाराणसी Nagar Nigam Varanasi (@nagarnigamvns) November 7, 2026
इस परियोजना की लागत को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। परिवार की ओर से करीब 30करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना का जिक्र किया जा रहा है, जबकि नगर निगम के आयुक्त हिमांशु नागपाल के हवाले से प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट में उस्ताद के मकान से जुड़ी प्रस्तावित परियोजना की लागत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है।

नगर निगम की व्यापक विरासत संरक्षण योजना में भारत रत्न और पद्म पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत हस्तियों के घरों को संग्रहालय जैसे स्थानों में बदलने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसलिए परियोजना की अंतिम लागत और उसके दायरे को लेकर प्रशासन की आधिकारिक जानकारी महत्वपूर्ण होगी।
इस विवाद के बीच जब यह संवाददता परिवार से मिलने पहुंचा तो ऐसा अनुभव हुआ, जिसने इस पूरी कहानी को मेरे लिए महज एक खबर से कहीं अधिक बना दिया। दरवाजे से बाहर निकलते हुए शाहबाब की नजर मुझ पर पड़ी। वह तेजी से मेरी तरफ आया और बिना कुछ कहे मेरा हाथ पकड़कर लगभग खींचते हुए घर के भीतर ले गया।
बातचीत के दौरान संग्रहालय की योजना के बारे में पूछा। शाहबाब ने बताया कि नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल दो बार मकान का दौरा कर चुके हैं। अधिकारियों ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और धन की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी है। करीब दो महीने पहले हुई बातचीत में यह संकेत दिया गया था कि दालमंडी का काम पूरा होने के बाद यहां संग्रहालय का काम शुरू होगा। इसी वजह से उस्ताद के कमरे को बंद रखने और उसमें मौजूद चीजों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया है।
परिवार के अनुसार, प्रस्तावित योजना केवल मकान के एक कमरे को संग्रहालय में बदलने तक सीमित नहीं है। इसमें उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जीवन, संगीत साधना और बनारस से उनके गहरे रिश्ते को भी दर्शाने की कल्पना की गई है। घर तक पहुंचने वाली गलियों को भी इस तरह विकसित करने की बात है कि वहां से गुजरने वाले लोगों को उस्ताद की जिंदगी और उनकी संगीत यात्रा के बारे में जानकारी मिल सके। रास्ते में शहनाई की धुन सुनाई देने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इससे यह स्थान केवल एक ऐतिहासिक मकान नहीं रहेगा, बल्कि संगीत और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत केंद्र बन सकेगा।
बातचीत में वर्ष 2023में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे और उस्ताद की विरासत के संरक्षण से जुड़े प्रयासों का भी जिक्र हुआ। शाहबाबके अनुसार, प्रधानमंत्री ने उस्ताद की शहनाई और उनसे जुड़ी वस्तुओं को सुरक्षित रखने को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए थे।

शाहबाब ने बताया कि उस्ताद की शहनाई सहित उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी कई वस्तुओं को लालपुर स्थित संग्रहालय में सुरक्षित रखा गया है। इनमें उनकी टोपी, छाता, लालटेन, हाथ का पंखा, बक्सा, चप्पल, कलम और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी चीजें शामिल हैं। परिवार ने इन वस्तुओं को इसलिए वहां भेजा, ताकि पुश्तैनी मकान में संग्रहालय तैयार होने तक वे सुरक्षित रह सकें। इन वस्तुओं में उस्ताद के जीवन की सादगी और उनके व्यक्तित्व की झलक दिखाई देती है।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की शहनाई केवल एक वाद्य यंत्र नहीं थी। वह उनकी पहचान और जीवन का अभिन्न हिस्सा थी। इसी शहनाई ने उन्हें देश और दुनिया में सम्मान दिलाया। मुहर्रम के अवसर पर उनकी शहनाई से निकलने वाली धुनों का भी विशेष महत्व रहा है।
उनकी एक चांदी की शहनाई और उससे जुड़ी संगीत परंपरा को संग्रहालय में प्रदर्शित करने की योजना संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बन सकती है। उनके पुरस्कारों, तस्वीरों और निजी वस्तुओं के साथ इन धरोहरों को देखना नई पीढ़ी के लिए एक अलग अनुभव होगा।
हालांकि, संग्रहालय निर्माण की राह आसान नहीं रही। मकान के स्वामित्व और परिवार के सदस्यों के बीच आपसी विवाद के कारण प्रशासन की योजना लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उस्ताद के बड़े बेटे स्वर्गीय मेहताब हुसैन के बेटे मोहम्मद सिब्तैन और उनके चचेरे भाई यावर अब्बास के बीच मकान को लेकर विवाद था। लगभग 670वर्गफुट का यह पुश्तैनी मकान मेहताब हुसैन के नाम दर्ज था। उनका निधन वर्ष 2016में हुआ था। परिवार के अनुसार, उस्ताद के पांच बेटे और चार बेटियां थीं। संपत्ति का बंटवारा भी परिवार के भीतर पहले हुआ था।
बताया जाता है कि मकान के पुराने हिस्से को गिराकर नया निर्माण शुरू करने के दौरान यावर अब्बास ने आपत्ति जताई थी। मजदूरों के पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौक थाने बुलाकर संपत्ति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।
मोहम्मद सिब्तैन ने रजिस्ट्री के कागजात पेश किए। उनका दावा था कि विवाद के समाधान के बाद निर्माण का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पक्ष को कानूनी आपत्ति है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है। परिवार की ओर से संग्रहालय के लिए मकान के भूतल का एक हिस्सा देने की बात भी कही गई है।
वाराणसी नगर निगम के अनुसार, यह पहल शहर की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की व्यापक योजना का हिस्सा है। करीब छह महीने पहले तैयार इस योजना में दिवंगत भारत रत्न और पद्म पुरस्कार विजेताओं के घरों को संग्रहालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शामिल किया गया था।
इसके लिए परियोजना रिपोर्ट, नक्शे और डिजाइन तैयार किए गए। जिन परिवारों ने सहमति दी, वहां निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निजी संपत्ति पर सभी मालिकों की सहमति के बिना जबरन निर्माण या बदलाव नहीं किया जा सकता।
उस्ताद का पुश्तैनी मकान हड़हा सराय की गलियों में स्थित है। यह इलाका सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू सजावट और अन्य सामान के थोक कारोबार के लिए जाना जाता है। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत आसपास की करीब 190 इमारतों को हटाए जाने के बाद इस इलाके की संपत्तियों का व्यावसायिक महत्व भी बढ़ा है। ऐसे माहौल में उस्ताद के घर को सुरक्षित रखना और उसकी ऐतिहासिक पहचान बनाए रखना प्रशासन के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है।
बातचीत के अंत में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के उस कमरे को देखने की इच्छा जताई, जहां उनकी जिंदगी की कई यादें जुड़ी हुई हैं। शाहबाब एक पल के लिए रुका। फिर कमरे से बाहर गया और करीब दो मिनट बाद लौट आया। उसके हाथ में ऊपर के कमरे की चाबी थी।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पुश्तैनी घर केवल उनके परिवार की संपत्ति नहीं है। यह भारतीय शास्त्रीय संगीत, बनारस की सांस्कृतिक पहचान और गंगा जमुनी तहजीब की एक महत्वपूर्ण धरोहर है। यहां एक ऐसा कलाकार रहा, जिसने शहनाई को मंदिरों और पारंपरिक आयोजनों से निकालकर अंतरराष्ट्रीय संगीत मंचों तक पहुंचाया।
भारत रत्न से सम्मानित इस महान संगीतकार की स्मृतियों को सुरक्षित रखना केवल परिवार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी साझा सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। अब देखना यह है कि प्रस्तावित संग्रहालय की योजना कितनी जल्दी जमीन पर उतरती है और क्या वाराणसी आने वाली पीढ़ियों को उस्ताद की जिंदगी और संगीत से रूबरू कराने के अपने इस प्रयास को सफल बना पाता है।