आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रसिद्ध हिंदी कवि हरिवंश राय बच्चन ने एक बार सोनिया गांधी से कहा था, ‘‘इस देश में यह मायने नहीं रखता कि आप क्या हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि लोग आपको क्या समझते हैं।’’
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में राजीव गांधी के साथ विवाह से पूर्व, दिल्ली में बच्चन परिवार के घर पर बिताए गए दिनों का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि राजीव से लंबे समय तक दूर रहने के बावजूद दोनों को अपने प्रेम और रिश्ते पर पूरा भरोसा था और इसी वजह से वह पहली बार भारत आई थीं।
सोनिया 13 जनवरी, 1968 को सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर विमान से नई दिल्ली पहुंची थीं। हवाई अड्डे पर उन्हें लेने राजीव गांधी, उनके भाई संजय गांधी और उनके मित्र अमिताभ बच्चन पहुंचे थे, जो बाद में हिंदी सिनेमा के महानायक बने।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने किताब में लिखा, ‘‘मैं बेहद थकी हुई और थोड़ा घबराई हुई थी, लेकिन राजीव को देखते ही मेरा डर और थकान गायब हो गई। खुशी के मारे मैं कुछ बोल नहीं पा रही थी। हवाई अड्डा एक कम रोशनी वाली हैंगरनुमा इमारत थी, जो रोम के बड़े और आधुनिक हवाई अड्डे से बिल्कुल अलग थी। यहां तक कि ट्यूरिन (इटली का शहर) का छोटा हवाई अड्डा भी इससे बड़ा और रोशन था।’’
उन्होंने बताया कि वहां से वे अंधेरे में एक संकरी सड़क से होते हुए 13, विलिंगडन क्रिसेंट पहुंचे। यह अमिताभ बच्चन के माता-पिता का घर था। सोनिया को वहीं रहना था। हरिवंश राय बच्चन और उनकी पत्नी तेजी बच्चन यहां रहते थे।
सोनिया ने बच्चन परिवार को इलाहाबाद के दिनों से इंदिरा गांधी का पारिवारिक मित्र बताया है।
उन्होंने तेजी बच्चन द्वारा किए गए स्वागत की याद करते हुए लिखा, ‘‘छोटे कद की श्रीमती बच्चन जैकेट और पतलून पहने हुए थीं। उनके सिर पर फ्रांसीसी शैली का स्कार्फ बंधा था। उन्होंने बरामदे में बेहद प्यारी मुस्कान और गर्मजोशी से गले लगाकर मेरा स्वागत किया। मुझे तुरंत राहत और भरोसा महसूस हुआ। आगे चलकर वह मेरे लिए मां जैसी बन गईं, जो हमेशा मेरी मदद करने, मुझे सिखाने और सलाह देने के लिए तैयार रहती थीं।’’