आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मंगलवार को कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने के लिए पूरा प्रयास किया था, लेकिन उन्हें पर्याप्त सांसदों का समर्थन नहीं मिल सका था।
झा ने सोनिया गांधी के उस दावे पर सवाल उठाते हुए यह टिप्पणी की, जिसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा है कि वह भारत की प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहती थीं।
सोनिया गांधी ने हाल ही में प्रकाशित अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर वह आंतरिक रूप से असमंजस में थीं। उनके मन का एक हिस्सा इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास करा रहा था, जिन्हें उनके इनकार से निराशा होती।
सोनिया ने कहा है कि 2004 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब भी सार्वजनिक रूप से उनसे इस बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था।
संजय झा ने कहा, ‘‘इस दावे से मैं सहमत नहीं हूं। जहां तक मुझे याद है, उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए पूरा प्रयास किया था। उन्होंने एक बार अपनी सरकार बनाने के लिए अपने समर्थन में सांसदों की संख्या जुटाने की कोशिश की थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव अंतिम समय में पीछे हट गए थे।’’
झा का इशारा वर्ष 1999 की उस घटना की ओर था, जब सोनिया गांधी ने दावा किया था कि उन्हें सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों का समर्थन प्राप्त है, लेकिन मुलायम सिंह यादव ने अंतिम समय में समर्थन देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण देश में फिर से लोकसभा चुनाव हुए थे और अंततः अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी थी।
झा ने यह आरोप भी लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी सास और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 1975 में आपातकाल लागू करने के फैसले का बचाव करने की कोशिश की है।