आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि वायनाड में सुरंग परियोजना में हुई दुर्घटना की दो अलग-अलग जांच की जाएगी। इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या परियोजना में शामिल कंपनी ने केंद्र सरकार से मिली पर्यावरण मंजूरी की शर्तों का पालन किया था या नहीं।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सतीशन ने कहा कि सरकार ने हादसे से जुड़ी रिपोर्ट की जांच करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जरूरी सभी तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाएं शुरू करने का फैसला किया है। इस बैठक में भूस्खलन के मामले की समीक्षा की गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी और पांच लोग लापता हो गए थे।
सतीशन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने आपदा से जुड़ी रिपोर्ट का मूल्यांकन करने और उन हालातों की जांच के लिए तकनीकी एवं कानूनी कदम उठाने का फैसला किया है जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।’’
सतीशन ने कहा कि वायनाड को कोझिकोड से जोड़ने वाली सुरंग का निर्माण कार्य इन दोनों जांचों के पूरा होने के बाद ही फिर से शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें थीं कि भूस्खलन निर्माण स्थल के ऊपर हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसकी भी जांच करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि सरकार भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता के तौर पर पांच-पांच लाख रुपये देगी और उनके शवों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए हैं।