तेजस्वी के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-10-2026
Tejashwi Yadav-led 'India' alliance staged a protest demanding
Tejashwi Yadav-led 'India' alliance staged a protest demanding

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने बृहस्पतिवार को पटना में विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के लिए रैली बिहार विधानसभा परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई और बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, पुलिस ने पटना स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास रैली को रोक दिया।
 
पुलिस के अनुसार, तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
 
हिरासत में लिए जाने के दौरान पुलिस वाहन में सवार तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें राज्यपाल से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वे लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं।’’
 
तेजस्वी यादव को जिस पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था, उस पर राजद के कई नेता चढ़ गए।
 
इस दौरान भाकपा (माले) के नेता और पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा बेहोश हो गए, जिसके बाद पुलिस उन्हें चिकित्सा सहायता के लिए ले गई।
 
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष और कुछ अन्य लोगों को लोक भवन ले जाया गया, जहां उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की। हमने कुछ ऐसे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है, जो काफी उग्र थे। कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’’
 
तेजस्वी यादव की बड़ी बहन और राजद सांसद मीसा भारती भी जुलूस में शामिल थीं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप देख सकते हैं कि हमारा जुलूस शांतिपूर्ण था और कानून-व्यवस्था का कोई संकट नहीं था। इसके बावजूद पुलिस ने बेहद सख्ती से कार्रवाई की। हम सत्ता में बैठे लोगों के इसी रवैये के खिलाफ हैं।’’