तारातला गोदाम हादसा: शुभेंदु ने पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा सौंपा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Taratala warehouse accident: Shubhendu handed over compensation to the families of the victims.
Taratala warehouse accident: Shubhendu handed over compensation to the families of the victims.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तारातला गोदाम ढहने की घटना में हताहत हुए लोगों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
 
अधिकारी ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में पीड़ितों के परिवारों और घटना में बचे लोगों से मुलाक़ात की और उन्हें राज्य सरकार की ओर से मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने घटना में घायल हुए लोगों से भी अलग-अलग बात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली।
 
मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। किसी की जान जाने की भरपाई किसी भी मुआवजे से नहीं की जा सकती। सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें मदद देती रहेगी।”
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगी कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
 
उन्होंने कहा, “हम जांच करेंगे कि क्या गड़बड़ी हुई और यह पक्का करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। अगर किसी को लगता है कि उनका इलाज अधूरा है या उन्हें और चिकित्सा सहायता की जरूरत है, तो सरकार मदद देगी।”
 
अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार इस घटना में मारे गए लोगों के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेगी। 24 जून को हुए तारातला गोदाम हादसे में 16 लोगों की जान चली गई और 17 लोग घायल हो गए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता पुलिस, अग्निशमन सेवा, सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया।
 
उन्होंने कहा, “अगर हम सभी को जिंदा बचा पाते तो हमें ज्यादा खुशी होती। प्रशासन ने जरा भी समय बर्बाद नहीं किया। स्थानीय लोगों, कोलकाता पुलिस, फायर ब्रिगेड और दूसरी एजेंसियों की मदद से हम 17 लोगों को बचाने में कामयाब रहे, लेकिन 16 लोगों को नहीं बचा सके। हमें इसका बहुत दुख है।”
 
उन्होंने कहा कि पीड़ित ज्यादातर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से थे और अक्सर पैसों की तंगी के कारण जोखिम भरे काम करते थे।
 
अधिकारी ने प्रभावित परिवारों से कहा, “आप समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से हैं, और इसीलिए आपमें से कई लोग ऐसे मुश्किल काम करते हैं। सरकार आपके साथ है और आपके साथ खड़ी रहेगी।”
 
अधिकारियों ने बताया कि मुआवज़ा श्रम विभाग की उपकर निधि से दिया गया।
 
अधिकारी ने कहा कि सरकार उन हालात की भी जांच करेगी जिनकी वजह से यह हादसा हुआ और घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करेगी।