तमिलनाडु ने हिताची एनर्जी के साथ 1,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Tamil Nadu signs MoU worth Rs 1,000 crore with Hitachi Energy
Tamil Nadu signs MoU worth Rs 1,000 crore with Hitachi Energy

 

  आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तमिलनाडु सरकार ने राज्य के औद्योगिक विकास और प्रौद्योगिकी परिवेश को बढ़ावा देते हुए हिताची एनर्जी के साथ 1,000 करोड़ रुपये की विस्तार परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर मंगलवार को हस्ताक्षर किए।
 
एक बयान के अनुसार, अगले तीन से पांच वर्ष में लागू की जाने वाली इस पहल से राज्य में 1,000 पेशेवरों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रौद्योगिकी क्षेत्र के रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
 
राज्य सचिवालय में उद्योग, निवेश संवर्धन एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की मौजूदगी में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
 
इस 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का उपयोग दो प्रमुख विस्तार परियोजनाओं में किया जाएगा। इनमें चेन्नई के पोरूर में हिताची समूह के वैश्विक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र का प्रौद्योगिकी विस्तार तथा चेंगलपट्टू में हिताची एनर्जी इंडिया की विनिर्माण इकाई का विस्तार शामिल है।
 
इन दोनों विस्तार परियोजनाओं के जरिये 1,000 उच्चस्तरीय तकनीकी रोजगार सृजित होंगे, जिससे राज्य के इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के पेशेवरों के लिए बेहतर करियर अवसर उपलब्ध होंगे।
 
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री एस. कीर्तना, मुख्य सचिव डॉ. एम. साईकुमार सहित कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हुए।