तमिलनाडु : टीवीके विधायकों की अहम बैठक से पहले सुरक्षा कड़ी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-11-2026
Tamil Nadu: Security tightened ahead of crucial meeting of TVK MLAs
Tamil Nadu: Security tightened ahead of crucial meeting of TVK MLAs

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायकों की अहम बैठक से पहले बुधवार को यहां मामल्लापुरम के पास स्थित एक निजी रिजॉर्ट के आसपास पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी संस्थापक एवं मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय करेंगे।
 
पार्टी के विधायक दोपहर से ही बैठक स्थल पर पहुंचने लगे। कुछ विधायकों के आचरण को लेकर बढ़ते राजनीतिक दबाव और आलोचनाओं के बीच यह बैठक बुलाई गई है।
 
सूत्रों के मुताबिक, टीवीके नेतृत्व पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों को अनुशासन और सार्वजनिक आचरण के संबंध में कड़े निर्देश दे सकता है। उनसे मर्यादित व्यवहार करने, आम लोगों की शिकायतों पर संवेदनशीलता से ध्यान देने और अपने पद का दुरुपयोग करने से बचने को कहा जा सकता है।
 
बैठक में टीवीके विधायक एवं विधानसभा के उपाध्यक्ष एम. रविशंकर के खिलाफ लगे आरोपों पर भी चर्चा हो सकती है। राजनीतिक दलों ने एक वीडियो सामने आने के बाद उनकी आलोचना की है जिसमें कथित तौर पर रविशंकर एक व्यक्ति से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
 
उस व्यक्ति की पहचान कार्तिक कुमार के रूप में हुई है, जिसने अपने निर्वाचन क्षेत्र में बुनियादी जन सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर उनसे सवाल किया था।
 
इसके अलावा, बैठक में पार्टी के कल्लाकुरिची से विधायक सी. अरुल विग्नेश द्वारा एक महिला जिलाधिकारी को व्हॉट्सऐप पर कथित तौर पर अनुचित संदेश भेजने के मामले पर भी चर्चा होगी। विधायक ने इन आरोपों को “अफवाह” और “गलत” बताते हुए खारिज किया है।
 
इस अहम बैठक के मद्देनजर पुलिस ने चेंगलपट्टू जिले के कुछ इलाकों में ड्रोन उड़ाने पर सख्ती से प्रतिबंध लागू किया है। यह प्रतिबंध कोवलम से मामल्लापुरम और पेरूर जंक्शन से तिरुपोरूर बाइपास गोलचक्कर तक के क्षेत्रों में लागू है।